Monday, January 26, 2009

तिरंगा

लाल किले पर झूम तिरंगा,
लहर-लहर लहराता है
इसे देख हम सबका मस्तक
गर्वोन्नत हो जाता है।

इस झंडे की खातिर हमने
कितने वीर गँवाए
मातृभूमि के रत्न हज़ारों
इस पर दिए लुटाए
केसरिया रंग आज भी इसमें
उनकी याद दिलाता है
इसे देख हम सबका मस्तक
गर्वोन्नत हो जाता है

भारत है ऋषियों की भूमि
भारत शान्ति प्रदाता
दुख सहकर भी सुख दे देता
ज़रा नहीं घबराता
श्वेत रंग भारत की ऐसी
परिपाटी बतलाता है
इसे देख हम सबका मस्तक
गर्वोन्नत हो जाता है

संघर्षों के चक्रव्यूह विधि ने
जब भी फैलाए
अभिमन्यु बनकर के हमने
नूतन मार्ग बनाए
संघर्षी की जय होती है
चक्र यही बतलाता है
इसे देख हमसबका मस्तक
गर्वोन्नत हो जाता है

हरी-भरी भारत की भूमि
हीरे-मोती उगाती
स्वेद-कणों से सिंचित होती
मेहनत से मुस्काती
हरा रंग है हरियाली का
विश्व को यही बताता है
इसे देख हम सबका मस्तक
गर्वोन्नत हो जाता है।

आज के दिन फिर
सब मिलजुल कर
नव संकल्प बनाओ
एक सूत्र में बँधकर अपना
निखरा राष्ट बचाओ
फिर से दिखा दो दुनिया को
हमें मिलकर चलना आता है
इसे देख हम सबका मस्तक
गर्वोन्नत हो जाता है

सभी बच्चों को ५९वें गणतंत्र दिवस की बधाइयाँ

----शोभा महेन्द्रू


आप क्या कहना चाहेंगे? (post your comment)

3 पाठकों का कहना है :

आलोक साहिल का कहना है कि -

बेहद उत्साहवर्द्धक और ज्ञानवर्धक कविता.......
अच्छा बखान किया है तिरंगे का...
गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं..
आलोक सिंह "साहिल"

neelam का कहना है कि -

आज के दिन फिर
सब मिलजुल कर
नव संकल्प बनाओ
एक सूत्र में बँधकर अपना
निखरा राष्ट बचाओ
फिर से दिखा दो दुनिया को
हमें मिलकर चलना आता है
इसे देख हम सबका मस्तक
गर्वोन्नत हो जाता है
राष्ट्रीय ध्वज के रंगों का अद्भुत विश्लेषण देती और नवीन उर्जा का संचार करती आपकी
कविता ,शोभा जी नमन आपको और अपनी इस मात्र भूमि को भी |

neelam का कहना है कि -

vinay ji ,
aapse photo khichwa kar hum log to thak gaye magar aap bhi kamaal hain ,kabhi thakte nahin ,jab bhi page kholiye camera
lekar haajir ,ab hum hindyugm waalon ke sabra ka imtihaan mat lijiye warna hum sabhi log ek ek astra lekar dhawa bol hi denge aapke blog par ,

vinay ji please change this photo
it's our humble request to u ,sare niymon ka ullanghan karke ab to angreji me bhi taakeed kar di hai
mere bhaai .

आप क्या कहना चाहेंगे? (post your comment)